
उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से लौट रहे एक हेलीकॉप्टर के लापता होने और जोशीमठ के पास संभावित क्रैश लैंडिंग की सूचना से हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। यात्रियों की तलाश और बचाव के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।
हाथी पर्वत क्षेत्र के पास टूटा संपर्क
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर में बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी। इसके बाद जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में उसका संपर्क टूटने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि घटना के समय इलाके में बर्फबारी भी हो रही थी, जिससे बचाव अभियान में मुश्किलें आ सकती हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, तलाश और बचाव कार्य में मदद के लिए दो अन्य हेलीकॉप्टर भी भेजे गए हैं। भारतीय सेना की ओर से भी प्रशासन को हाथी पर्वत के आसपास संभावित दुर्घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया।
पायलट समेत छह लोग थे सवार
जोशीमठ से मिली जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। यूकाडा के कर्मचारियों ने बताया कि चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत हेलीकॉप्टर की लोकेशन दिखाई दे रही थी। यह हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सहस्त्रधारा की ओर जा रहा था।
हालांकि, शुरुआती सूचना में हेलीकॉप्टर के क्रैश होने या क्रैश लैंडिंग करने की बात सामने आई है। घटना की पूरी स्थिति और उसमें सवार लोगों के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
सीएम धामी ने रेस्क्यू अभियान की निगरानी की
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की कामना की।
एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना
जोशीमठ पुलिस के उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के अनुसार, एसडीएम जोशीमठ को चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद जोशीमठ और पांडुकेश्वर की एसडीआरएफ टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं।
फिलहाल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और बर्फबारी के बीच यात्रियों की तलाश जारी है। प्रशासन की ओर से बचाव अभियान और हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी मिलने का इंतजार है।

