onwin giriş
Home बॉलीवुड मनोरंजन

मां के बताए एक गाने ने बदल दी मनोज तिवारी की किस्मत, शो में मां के साथ गाते हुए हुए भावुक

भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद मनोज तिवारी हाल ही में रियलिटी शो ‘धमाल विद पति-पत्नी और पंगा 2’ में अपनी मां और पत्नी सुरभि तिवारी के साथ नजर आए। शो के ‘सास-मां’ स्पेशल एपिसोड में मनोज तिवारी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि कैसे उनकी मां के बताए एक गाने ने उनकी जिंदगी बदल दी और उन्हें सुपरस्टार बना दिया।

शो के दौरान मनोज तिवारी की मां ने भी खास अंदाज में सभी का दिल जीत लिया। सोनाली बेंद्रे और मुनव्वर फारूकी के कहने पर उन्होंने वह गाना गाया, जिसने मनोज तिवारी को एक गायक के रूप में खास पहचान दिलाई थी। इसके बाद मनोज तिवारी ने भी अपनी मां के साथ सुर मिलाया। मां-बेटे की इस भावुक प्रस्तुति को देखकर शो में मौजूद लोग भावुक हो गए। खास तौर पर अर्जुन बिजलानी की पत्नी की आंखें भी नम हो गईं।

मां की सलाह ने बदल दी किस्मत

मनोज तिवारी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वह करियर की शुरुआत में परेशान थे और समझ नहीं पा रहे थे कि कौन सा गाना गाएं, तब उनकी मां ने उन्हें माता का एक गीत गाने की सलाह दी थी। मनोज ने बताया, “जब मैं स्ट्रगल कर रहा था कि मुझे क्या गीत गाना चाहिए, तब मां ने मुझे कहा कि तुम ये गीत गाओ। वो एक माता का गीत था। मैंने वो गीत गाया और उसी से सुपरस्टार बन गया।”

94 साल की उम्र में भी मां हैं सबसे बड़ी ताकत

मनोज तिवारी ने कहा कि शो में अपनी मां को साथ पाकर वह पुरानी यादों में खो गए। उन्हें अपनी जिंदगी के वे सभी पड़ाव याद आए, जिन्हें उनकी मां ने करीब से देखा है। उन्होंने बताया कि 94 साल की उम्र में भी उनकी मां उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। मनोज के मुताबिक, जब उनकी मां उनके साथ होती हैं तो उन्हें लगता है कि वह पूरी दुनिया का सामना कर सकते हैं।

उन्होंने अपनी मां और पत्नी सुरभि के रिश्ते की भी तारीफ की। मनोज ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि उनकी मां ने उनकी पत्नी सुरभि को इतने प्यार से अपनाया है और दोनों के बीच बेहद खूबसूरत रिश्ता है।

कहां देखें ‘पति-पत्नी और पंगा 2’?

सेलिब्रिटी कपल्स पर आधारित रियलिटी शो ‘पति-पत्नी और पंगा 2’ हर शनिवार रात 9 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित होता है। दर्शक इसे जियो सिनेमा और हॉटस्टार पर भी देख सकते हैं। शो में अर्जुन बिजलानी-नेहा स्वामी, मनोज तिवारी-सुरभि तिवारी, शब्बीर अहलूवालिया-कांची कौल, दिव्यांका त्रिपाठी-विवेक दहिया और राहुल वैद्य-दिशा परमार समेत कई चर्चित जोड़ियां नजर आ रही हैं।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.