देहरादून: शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम देहरादून ने क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की शुरुआत की है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और मेयर सौरभ थपलियाल ने शनिवार को QRT वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नगर निगम द्वारा शुरू की गई इस सेवा के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल पांच क्विक रिस्पॉन्स वाहन तैनात किए गए हैं। प्रत्येक वाहन में छह प्रशिक्षित कर्मचारी और एक सुपरवाइजर की टीम मौजूद रहेगी, जो आपातकालीन स्वच्छता सेवाओं, प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं सफाई कार्य करेगी।
नगर निगम ने प्रत्येक QRT को आधुनिक उपकरणों से लैस किया है। टीमों को ग्रास कटिंग मशीन, बेलचा, फावड़ा, गैंती, सब्बल, झाड़ियां काटने के उपकरण, कुल्हाड़ी, रस्सियां, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तेजी और प्रभावी ढंग से कार्रवाई की जा सके।
QRT के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं या प्राकृतिक आपदाओं के बाद मलबा और कचरा हटाने, जलभराव की स्थिति में नालियों की आपात सफाई, सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई, बड़े आयोजनों के दौरान अतिरिक्त स्वच्छता व्यवस्था तथा आग या अन्य आपदाओं के समय आवश्यक स्वच्छता सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा आकस्मिक स्वच्छता संबंधी शिकायतों का भी त्वरित समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि नगर निगम की यह पहल आपातकालीन स्वच्छता सेवाओं को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे शहरवासियों को समय पर राहत मिल सकेगी।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 जारी किया गया है। किसी भी आपातकालीन स्वच्छता संबंधी समस्या या विशेष परिस्थिति में नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर QRT सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि स्वच्छता या आपदा से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर पर सूचना देकर इस नई सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें।
