
हरिद्वार के बहादराबाद स्थित सर्वेश्वर घाट पर छठ पूजा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नहाते समय एक 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में चला गया। बेटे को बचाने के लिए पिता ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों डूबने लगे। मौके पर मौजूद PAC की आपदा राहत टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों की जान बचा ली।
हरिद्वार के बहादराबाद स्थित सर्वेश्वर घाट पर छठ पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय आयुष घाट पर नहाते समय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
बेटे को डूबता देख उसके पिता उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद पड़े। हालांकि, इस दौरान वह भी पानी में डूबने लगे। पिता और बेटे को डूबता देख परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की।
PAC जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर तैनात PAC की आपदा राहत टीम सक्रिय हो गई। जवानों ने बिना देर किए नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद पिता और बेटे दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
टीम की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई से दोनों की जान बच गई और छठ पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।

