देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात शराब के ठेके के बाहर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रिंग रोड स्थित ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े आठ बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कथित तौर पर देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर दो राउंड फायर किए गए, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा। उन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घायलों की हालत फिलहाल उपचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। विवाद की वजह और फायरिंग के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
