
नई दिल्ली: नवरात्रि के अवसर पर अंबानी परिवार का शानदार पारंपरिक अंदाज चर्चा में है। नवरात्रि और स्वदेश के एक साल पूरे होने के खास मौके पर ईशा अंबानी अपने खूबसूरत एथनिक लुक में नजर आईं। उनके मल्टीकलर लहंगे से लेकर हेयर स्टाइल और पारंपरिक गहनों तक, हर चीज ने लोगों का ध्यान खींचा। ईशा अंबानी का यह खास लुक देवी शक्ति की सुंदरता, कोमलता और साहस से प्रेरित है।
2,000 घंटे की मेहनत से तैयार हुआ लहंगा
ईशा अंबानी के इस खास लहंगे को मशहूर फैशन डिजाइनर करण तोरानी ने स्वदेश के साथ मिलकर तैयार किया है। इस खूबसूरत परिधान को बनाने में करीब 10 कारीगरों ने योगदान दिया। लहंगे पर उकेरी गई कलाकृतियों को तैयार करने में 90 दिनों से अधिक का समय लगा, जबकि इसे बनाने में 2,000 घंटे से ज्यादा की कारीगरी की गई। यही वजह है कि यह लहंगा अपनी बारीक कारीगरी और अनूठी डिजाइन के कारण खास बन गया है।
लहंगे पर नजर आई राधा-कृष्ण की रासलीला
ईशा अंबानी के लहंगे में भारतीय पारंपरिक कलाओं का खूबसूरत संगम देखने को मिला। इसमें कलमकारी और ओडिशा की पट्टचित्र कला को शामिल किया गया है। प्योर सिल्क से तैयार इस परिधान की हर कली, चोली और दुपट्टे पर राधा-कृष्ण की रासलीला को कलात्मक अंदाज में उकेरा गया है।
लहंगे पर बनी चित्रकारी को और आकर्षक बनाने के लिए जर्दोजी, फ्रेंच नॉट्स, मोतियों, शीशे और सजावटी लटकनों का इस्तेमाल किया गया है। इसकी बारीक कारीगरी भारतीय हस्तशिल्प की समृद्ध परंपरा और कारीगरों की मेहनत को दर्शाती है।
डिजाइनर ने इस खास परिधान के जरिए नवरात्रि की भावना को भी खूबसूरती से पेश किया है। इसमें गरबा की लय, सामूहिक नृत्य और देवी शक्ति की कोमलता व साहस को पारंपरिक कला के माध्यम से दिखाने की कोशिश की गई है।
करण तोरानी के कलेक्शन की प्रशंसक हैं ईशा अंबानी
ईशा अंबानी के इस लुक के पीछे डिजाइनर करण तोरानी की एक खास कहानी भी जुड़ी है। करण के मुताबिक, साल 2018 में, जब वह 25 वर्ष के थे और एक छोटे से गैराज से अपने ब्रांड तोरानी को आगे बढ़ाने में जुटे थे, तब ईशा अंबानी की नजर पहली बार उनके प्रिंटेड कुर्ते पर पड़ी थी।
इसके बाद ईशा का उनके डिजाइन और कलेक्शन के प्रति लगाव बढ़ा। करण ने इस खास परिधान के जरिए अपने काम को मिले उस शुरुआती प्यार और समर्थन के प्रति आभार जताने की कोशिश की है।
गरबा और डांडिया के लिए भी परफेक्ट है यह लुक
ईशा अंबानी का यह पारंपरिक लुक नवरात्रि में गरबा और डांडिया के लिए भी शानदार फैशन इंस्पिरेशन दे सकता है। मल्टीकलर लहंगे के साथ उन्होंने खूबसूरत झुमके, गुजराती-राजस्थानी अंदाज का चोकर और कंगन पहने हैं। खुले बालों में लगे राजस्थानी शैली के सजावटी लटकन उनके लुक को और आकर्षक बनाते हैं।
अगर आप इस नवरात्रि कुछ खास और पारंपरिक पहनना चाहती हैं, तो ईशा अंबानी के इस लुक से प्रेरणा ले सकती हैं। रंग-बिरंगे लहंगे, पारंपरिक गहनों और आकर्षक हेयर स्टाइल का यह मेल त्योहार के उत्साह के साथ भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को भी दर्शाता है।

