
देश की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों में शामिल Flipkart में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। बुधवार को कंपनी ने इसकी जानकारी दी। कल्याण कृष्णमूर्ति ने 11 साल से ज्यादा समय तक कंपनी को अपनी सेवाएं दी हैं। कंपनी के मुताबिक, उनके नेतृत्व में Flipkart के कारोबार में पांच गुना से ज्यादा की वृद्धि हुई और कंपनी ने भारतीय ई-कॉमर्स बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
कल्याण कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में लोकप्रिय हुआ बिग बिलियन डेज
Flipkart ने अपने बयान में कहा कि कल्याण कृष्णमूर्ति का योगदान केवल कारोबार बढ़ाने तक सीमित नहीं रहा। उनके नेतृत्व में कंपनी का मशहूर शॉपिंग फेस्टिवल ‘द बिग बिलियन डेज’ भारत में त्योहारी खरीदारी का बड़ा हिस्सा बन गया।
इस दौरान कंपनी ने कई नई तकनीकों और सुविधाओं की शुरुआत की। साथ ही देशभर में अपनी पहुंच बढ़ाई और ग्राहकों तथा विक्रेताओं के लिए नए अवसर तैयार किए। कंपनी के अनुसार, उनके नेतृत्व ने भारतीय ई-कॉमर्स उद्योग के विकास में अहम भूमिका निभाई।
वॉलमार्ट ने भी की कल्याण कृष्णमूर्ति की तारीफ
वॉलमार्ट इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट और CEO क्रिस निकोलस ने कल्याण कृष्णमूर्ति के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कल्याण की वजह से Flipkart और वॉलमार्ट दोनों बेहतर स्थिति में हैं। उन्होंने उनके नेतृत्व, गवर्नेंस और कंपनी के प्रति योगदान के लिए आभार जताया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कल्याण कृष्णमूर्ति ने क्या कहा?
अपने कार्यकाल को याद करते हुए कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि Flipkart के सफर का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात रही है। उन्हें कंपनी के बड़े कारोबार में बदलने और लाखों भारतीयों की खरीदारी के तरीके में बदलाव लाने पर गर्व है।
उन्होंने कहा कि मजबूत नैतिकता, ईमानदारी और गवर्नेंस के उच्च मानक कंपनी की सफलता की नींव रहे हैं। उन्होंने अपनी टीम, विक्रेताओं और साझेदारों का भी आभार जताया।
कल्याण कृष्णमूर्ति के जाने के साथ Flipkart में एक महत्वपूर्ण नेतृत्व अध्याय समाप्त होने जा रहा है। अब कंपनी के अगले नेतृत्व और भविष्य की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।

