onwin giriş
Home देश

संविधान दिवस पर अमित शाह का विपक्ष पर निशाना, बोले- संविधान की मूल भावना को समझना जरूरी

नई दिल्ली: संविधान दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य नेताओं ने भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस मौके पर दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में बीजेपी की ओर से आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ सेमिनार को संबोधित करते हुए अमित शाह ने संविधान के महत्व पर जोर दिया और विपक्ष पर निशाना साधा।

अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना हर भारतीय के लिए गर्व और जिम्मेदारी की बात है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की मार्गदर्शिका तक सीमित रखने की कोशिश की गई, जबकि इसकी मूल भावना को देश के किशोरों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाना भी जरूरी था।

गृह मंत्री ने कहा कि साल 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में फैसला लिया गया कि हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाएगा, ताकि संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को स्कूलों, कॉलेजों और आम लोगों तक पहुंचाया जा सके।

अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना

विपक्ष पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि देश में सत्ता किसे मिलेगी, इसका फैसला जनता करती है। संविधान निर्माताओं ने जनता को यह अधिकार दिया है कि वह अपने प्रतिनिधियों को चुने। वहीं, सत्ता में आने वालों के लिए संविधान के दायरे में रहकर शासन करना अनिवार्य बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना का हर शब्द एक महान भारत के निर्माण के उद्देश्य से लिखा गया है।

संविधान की मूल प्रति देखने की दी सलाह

अमित शाह ने संविधान की मूल भावना को समझने की अपील करते हुए कहा कि लोगों को कम से कम 10 से 15 मिनट निकालकर संविधान की मूल प्रति जरूर देखनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति के विभिन्न अध्यायों की शुरुआत में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े चित्र मौजूद हैं।

उन्होंने इन चित्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान को समझने के लिए नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए चित्रों को भी देखना चाहिए।

समान नागरिक संहिता पर भी रखी बात

गृह मंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने इसे नीति-निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक को, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो, समान कानून के तहत रहने का अधिकार मिलना चाहिए। कानून धर्म के आधार पर नहीं बनाया जाना चाहिए।

नक्सलवाद को लेकर भी बोले अमित शाह

अमित शाह ने नक्सलवाद के नुकसान का जिक्र करते हुए बस्तर के एक बुजुर्ग परिवार का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वहां आज भी ऐसे लोग हैं, जिनके पास राशन कार्ड, मतदाता सूची में नाम, बिजली और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई हुई और वंचित लोगों तक उनके संवैधानिक अधिकार पहुंचाने का काम किया गया।

संविधान दिवस के इस कार्यक्रम में अमित शाह ने संविधान के सम्मान, उसकी मूल भावना और नागरिकों के अधिकारों को लेकर अपनी बात रखी।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.