onwin giriş
Home स्पोर्ट्स

भारत ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए IOC के सामने पेश किया विजन, अहमदाबाद पर खास जोर

भारत में पहली बार ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी का सपना अब एक कदम और आगे बढ़ गया है। भारत ने 2036 में होने वाले ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपना विजन और रोडमैप पेश किया है।

26 नवंबर को हुई ऑनलाइन बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने खेल सुविधाओं के विकास, प्रस्तावित आयोजन स्थलों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान संभावित मेजबान शहर अहमदाबाद की क्षमताओं पर विशेष जोर दिया गया।

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के मुताबिक, भारत की प्रस्तुति लगभग 30 मिनट तक चली। इसके बाद IOC के फ्यूचर होस्ट कमीशन के नौ सदस्यों के साथ करीब 20 मिनट तक चर्चा हुई। कमीशन की अध्यक्षता कोलिंडा ग्राबर-कितारोविच कर रही हैं।

प्रेजेंटेशन में अहमदाबाद के मौजूदा खेल बुनियादी ढांचे, प्रस्तावित स्पोर्ट्स वेन्यू और उनके विकास की योजनाओं को सामने रखा गया। साथ ही केंद्र सरकार, गुजरात सरकार और अहमदाबाद प्रशासन के सहयोग का भी जिक्र किया गया।
इन 7 देशों के बीच है मेजबानी की दौड़
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत को कई देशों से चुनौती मिल रही है। भारत के अलावा जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये भी इस दौड़ में शामिल हैं। तुर्किये फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपनी पहली प्रस्तुति दे चुका है।
दिसंबर में होगा अहम सर्वे
भारत की दावेदारी के लिए दिसंबर का तीसरा सप्ताह काफी महत्वपूर्ण हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, IOC इस दौरान एक गुमनाम सर्वे कराएगा, जिसके जरिए भारत में ओलंपिक की मेजबानी को लेकर आम लोगों की राय जानी जाएगी।

इस सर्वे के नतीजे अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके बाद स्ट्रैटेजिक डायलॉग की प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें इच्छुक देशों को आयोजन से जुड़ी प्रश्नावली का जवाब देने के साथ जरूरी वित्तीय गारंटी भी पेश करनी होगी।
बैठक में शामिल हुए ये बड़े नाम
भारत की ओर से इस ऑनलाइन बैठक में खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, IOC में भारत की प्रतिनिधि नीता अंबानी और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु शामिल हुईं।

इसके अलावा गुजरात के खेल मंत्री हर्ष सांघवी और IOA के CEO रघुराम अय्यर समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि भारत की यह तैयारी 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की दिशा में कितनी सफल साबित होती है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.