मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है। मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए SpiceJet ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर चेक करें।
स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि मुंबई एयरपोर्ट पर भारी बारिश के कारण उड़ानों के आगमन और प्रस्थान पर असर पड़ सकता है। इसके साथ ही मुंबई से जुड़ी अन्य उड़ानें भी प्रभावित होने की संभावना है।
एयरलाइन के मुताबिक, खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानों में देरी हो सकती है या उन्हें री-शेड्यूल किया जा सकता है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेते रहें।
स्पाइसजेट ने यात्रियों से मौसम और उड़ानों से जुड़े अपडेट पर नजर रखने को कहा है, ताकि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय रखें।
गौरतलब है कि स्पाइसजेट हाल के महीनों में वित्तीय चुनौतियों को लेकर भी सुर्खियों में रही है। कंपनी के चार Boeing 737-8 Max विमानों का रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के लिए एयरक्राफ्ट सप्लायर कंपनियों ने DGCA से संपर्क किया था। एयरलाइन ने कहा था कि ये विमान लंबे समय से ऑपरेशन में नहीं हैं और इनके रजिस्ट्रेशन कैंसिल होने से कंपनी पर लीज रेंट का बोझ कम होगा।
मुंबई के अलावा कोलकाता में भारी बारिश के चलते IndiGo ने भी यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने कहा कि खराब मौसम के कारण उड़ानों के संचालन में देरी हो सकती है।
इंडिगो ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि भारी बारिश के कारण सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो सकती है।
ऐसे में मुंबई और कोलकाता से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बेहतर होगा कि वे घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस जरूर कन्फर्म कर लें।
