
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय के खिलाफ अपमानजनक और नस्लीय टिप्पणियां कीं। घटना के बाद अमेरिकी सांसदों ने इसकी कड़ी निंदा की है।
सिएटल में दिवाली मना रहे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में ट्रंप समर्थक जैक लैंग अपने साथियों के साथ पहुंचा। उन्होंने वहां पोस्टर लहराए, जिन पर ‘सभी भारतीयों को देश से निकालो’ और ‘हिंदू ईसाइयों की जगह ले रहे हैं’ जैसे आपत्तिजनक नारे लिखे थे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने विरोध जताते हुए उन्हें तुरंत बाहर निकाल दिया।
जैक लैंग व्हाइट रिप्लेसमेंट संगठन से जुड़ा हुआ है। वह 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन पर हुए हमले में शामिल लोगों में से एक था। उसे चार साल की जेल की सजा हुई थी, लेकिन साल 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले दिन उसे माफी दे दी थी।
लैंग ने दावा किया कि हिंदू-अमेरिकियों ने टेक्सास को डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में कर दिया है। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब व्हाइट हाउस में भी राष्ट्रपति ट्रंप ने दिवाली का त्योहार मनाया था।
इस घटना पर भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दिवाली एक महत्वपूर्ण त्योहार है और हिंदू समुदाय को बिना किसी डर के इसे मनाने का अधिकार है। नफरत फैलाने वाली ऐसी हरकतों की शहर और देश में कोई जगह नहीं है।
वहीं, सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने भी घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि दिवाली पर गर्व से दीये जलाने के साथ हमें हिंदुओं और अन्य समुदायों के खिलाफ फैलाई जा रही नफरत को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए।
व्हाइट हाउस के पूर्व सलाहकार अजय जैन भुटोरिया ने भी जैक लैंग और उसके साथियों की हरकतों को घिनौना बताया। उन्होंने कहा कि हिंदू अमेरिकियों और भारतीय प्रवासियों को नस्लीय टिप्पणियों के जरिए निशाना बनाने की कोई जगह नहीं है। उन्होंने नस्लवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने और हर अमेरिकी को अपनी संस्कृति व विरासत का त्योहार मनाने का अधिकार देने की बात कही।

