onwin giriş
Home उत्तराखंड

देहरादून में ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश, डीएम ने मांगा माइक्रो लेवल प्लान

राजधानी देहरादून में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और पार्किंग की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को मोबिलिटी प्लान की समीक्षा बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों से शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए माइक्रो लेवल प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

बैठक में आढ़त बाजार की यातायात व्यवस्था, प्रमुख चौराहों के सुधार (जंक्शन इम्प्रूवमेंट), इंदिरा मार्केट पुनर्विकास, मंडी शिफ्टिंग, परेड ग्राउंड पार्किंग, रामराय पार्किंग सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने आढ़त बाजार में ट्रैफिक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण व सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

बैठक के दौरान इंदिरा मार्केट में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि यहां लगभग 1,050 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग विकसित की जा रही है। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए एमडीडीए अधिकारियों को कार्यदायी संस्था के साथ बैठक कर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि शहर के सभी पार्किंग स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि उपलब्ध पार्किंग का बेहतर उपयोग हो सके और जाम की समस्या में कमी आए।

जिलाधिकारी ने नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP) के तहत पुलिस अधीक्षक (यातायात) और नगर निगम को संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक प्रबंधन के साथ-साथ वायु प्रदूषण नियंत्रण, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को लागू किया जाए।

बैठक में मंडी शिफ्टिंग, आढ़त बाजार सड़क सुधार, परेड ग्राउंड पार्किंग, रामराय पार्किंग और अन्य लंबित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने कहा कि सभी विभाग विकास कार्यों में तेजी लाएं और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उनका लक्ष्य देहरादून की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप बनाना है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.