onwin giriş
Home उत्तराखंड देश

बद्रीनाथ धाम चढ़ावा गड़बड़ी मामला: फरार आरोपी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए बद्रीनाथ ले गई है।

चमोली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, प्रमोद नौटियाल को रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी थी और मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस अब इस मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।

प्रमोद नौटियाल, BKTC अध्यक्ष के निजी सहायक (PA) के रूप में कार्यरत था। मंदिर समिति द्वारा गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने प्रारंभिक जांच में दान प्रबंधन में कथित अनियमितताओं के आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया था। इसके बाद उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी गढ़वाल मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। यह समिति मामले की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें राज्य सरकार को सौंपेगी।

यह मामला 2 जुलाई को उस समय सामने आया था, जब बद्रीनाथ मंदिर के काउंटिंग रूम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गिनती चल रही थी। आरोप है कि इस दौरान प्रमोद नौटियाल ने चढ़ावे की रकम और अन्य कीमती वस्तुओं में हेराफेरी की। सीसीटीवी फुटेज में वह कथित तौर पर ₹500 और ₹100 के नोटों की गड्डियां, सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और चढ़ावे के लिफाफे काउंटिंग रूम से अपने कार्यालय की ओर ले जाते हुए दिखाई दिया।

सोशल मीडिया पर इस मामले के वीडियो और आरोप सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद ‘भैरव सेना’ नामक संगठन ने शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग की थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.