संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र के चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री स्वयं कलश को सिर पर धारण कर यात्रा के साथ सीएमडी इंटर कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक विषमताओं के दौर में प्रेम, समानता और मानव सेवा का संदेश दिया तथा यह सिखाया कि व्यक्ति की महानता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्मों से तय होती है। उन्होंने कहा कि भेदभावमुक्त समाज के निर्माण के बिना सशक्त और समरस राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, दलित, वंचित और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जो संत रविदास के समरस समाज के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य, करीब 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क, संपर्क मार्ग, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट जैसी अनेक विकास परियोजनाएं भी पूरी की गई हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत रविदास के विचारों और उनकी जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को कलश यात्राओं के माध्यम से देशभर तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर स्वामी निर्मलदास जी सहित अनेक संतों ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश भेंट कर राज्यभर में कलश बंधन यात्रा संचालित करने का आह्वान किया। समारोह में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
