
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के खतरे और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए ओडिशा में एहतियाती कदम उठाए गए हैं। राज्य के गंजाम समेत पांच जिलों में स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है।
29 अक्टूबर तक बंद रहेंगे गंजाम के स्कूल-कॉलेज
गंजाम जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक, जिले के सभी स्कूल, डिग्री कॉलेज, तकनीकी संस्थान और विश्वविद्यालयों के विभाग 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक बंद रहेंगे। यह आदेश सरकारी और निजी प्रबंधन के तहत संचालित प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों पर लागू होगा। प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
ओडिशा के इन पांच जिलों में शैक्षणिक संस्थान बंद
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए गंजाम के अलावा गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मल्कानगिरी जिलों में भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। इन जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
चक्रवात के कारण 8 ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
चक्रवात और खराब मौसम की आशंका के बीच रेलवे ने कई ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का फैसला लिया है। इससे ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-कोरापुट पैसेंजर, कोरापुट-विशाखापत्तनम पैसेंजर, विशाखापत्तनम-कोरापुट इंटरसिटी एक्सप्रेस और किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर शामिल हैं।
ट्रेन संख्या 18515 और 18516 विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस 29 अक्टूबर से 4 नवंबर तक दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 58538 विशाखापत्तनम-कोरापुट पैसेंजर 27 से 30 अक्टूबर तक और इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 58537 कोरापुट-विशाखापत्तनम पैसेंजर 28 से 31 अक्टूबर तक नहीं चलेगी।
इसके अलावा, ट्रेन संख्या 18512 विशाखापत्तनम-कोरापुट इंटरसिटी एक्सप्रेस 30 अक्टूबर को रद्द रहेगी, जबकि वापसी सेवा ट्रेन संख्या 18511 कोरापुट-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस 31 अक्टूबर को नहीं चलेगी। ट्रेन संख्या 58501 विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर और ट्रेन संख्या 58502 किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर 27 से 30 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।
हीराखंड एक्सप्रेस के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस 27 से 30 अक्टूबर तक रायगड़ा में ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस 28 से 31 अक्टूबर तक कोरापुट के बजाय रायगड़ा से रवाना होगी।
भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी
गंजाम जिला प्रशासन के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग के भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने जिले के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है।
स्कूल बंद, लेकिन शिक्षकों को आना होगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूल-कॉलेज बंद रहने के बावजूद शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहना होगा। सभी संस्थानों के प्रमुखों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गंजाम जिला प्रशासन ने 26 अक्टूबर 2026 को यह आदेश जारी किया था। इसकी प्रतियां विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार, तकनीकी संस्थानों, डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों और जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई हैं। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त को भी इसकी जानकारी दी गई है।
चक्रवात के मद्देनजर यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांच लें। मौसम की चेतावनियों का पालन करें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों पर ध्यान दें।

