onwin giriş
Home बॉलीवुड मनोरंजन

अमृता राव की बहन प्रीतिका राव ने रचाई शादी, पति का चेहरा रखा गुप्त

देहरादून। टीवी की मशहूर अभिनेत्री और बॉलीवुड एक्ट्रेस अमृता राव की छोटी बहन प्रीतिका राव शादी के बंधन में बंध गई हैं। प्रीतिका ने बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में एक निजी समारोह में शादी रचाई। उनकी शादी में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर भी शामिल हुए और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।

प्रीतिका ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की कुछ तस्वीरें साझा कर फैंस को यह खुशखबरी दी। हालांकि, इन तस्वीरों में उन्होंने अपने पति का चेहरा ब्लर कर रखा है। अभिनेत्री ने फिलहाल अपने पति की पहचान और उनसे जुड़ी अन्य जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं।

तमिल-ब्राह्मण परिवार में की शादी

प्रीतिका ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने एक पारंपरिक तमिल-ब्राह्मण परिवार में शादी की है। उन्होंने अपने पति के परिवार की संस्कृति को अपनी मंगलौरियन जड़ों से मिलता-जुलता बताया। अभिनेत्री ने कहा कि उनकी शादी का समारोह बेहद निजी और आध्यात्मिक रहा।

श्री श्री रविशंकर की मौजूदगी को बताया खास पल

अभिनेत्री ने अपनी शादी में शामिल होने और आशीर्वाद देने के लिए श्री श्री रविशंकर, अपने माता-पिता, बहन अमृता राव, रिश्तेदारों और दोस्तों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि गुरुदेव का उनकी शादी में शामिल होना उनके लिए सबसे खास और यादगार पल रहा।

‘बेइंतहा’ सीरियल से मिली पहचान

प्रीतिका राव ने साल 2010 में तमिल फिल्म ‘चिक्कू बुक्कू’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद साल 2013 में कलर्स टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘बेइंतहा’ में आलिया गुलाम हैदर का किरदार निभाकर उन्हें घर-घर में पहचान मिली। इस शो में उनके साथ अभिनेता हर्षद अरोड़ा मुख्य भूमिका में नजर आए थे।

फिलहाल प्रीतिका की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। फैंस उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए बधाइयां दे रहे हैं।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.