
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी अर्ली वॉर्निंग रडार सिस्टम को नष्ट कर दिया है। ईरान ने इसे अमेरिका के लिए गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा है कि दोबारा हमला होने पर पहले से भी कड़ा जवाब दिया जाएगा।
फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, IRGC ने यह कार्रवाई ईरान के सिरिक इलाके में एक टेलीकम्युनिकेशन टावर पर कथित अमेरिकी हवाई हमले के जवाब में की। संगठन का दावा है कि अमेरिकी हमले के करीब एक घंटे के भीतर बहरीन में अमेरिकी सेना के रडार को निशाना बनाया गया।
IRGC ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अमेरिका की हवाई गतिविधियों को रोकना है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि अमेरिका रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की तस्करी कर रहा है।
ईरान की सेना ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका दोबारा उसकी सीमाओं का उल्लंघन करता है या आक्रामक कार्रवाई करता है तो उसे बिना किसी सीमा के जवाब दिया जाएगा।
वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगई ने अन्य देशों को भी अमेरिका की सैन्य मदद करने के खिलाफ चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मदद करने वाले देशों को भी आक्रामक कार्रवाई में शामिल माना जाएगा।
बगई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का हवाला देते हुए देशों को आगाह किया।
फिलहाल बहरीन में अमेरिकी रडार नष्ट होने का दावा ईरान की ओर से किया गया है। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। इस घटनाक्रम के बाद मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

