देहरादून: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बना रही है। राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या करीब 46 लाख थी।
बद्रीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। बद्रीनाथ धाम में अब तक 18.10 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि गंगोत्री धाम में पहली बार 8.41 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। यमुनोत्री में भी श्रद्धालुओं की संख्या 7.5 लाख के पार पहुंच गई है। वहीं, केदारनाथ धाम में 15.57 लाख यात्री दर्शन कर चुके हैं।
हेमकुंड साहिब में भी बढ़ा श्रद्धालुओं का आंकड़ा
चारधाम के साथ ही हेमकुंड साहिब की यात्रा में भी इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अब तक 3 लाख 52 हजार 765 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब में मत्था टेक चुके हैं। राज्य सरकार के अनुसार, यह संख्या पिछले कई वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। राज्य और जिला स्तर के अधिकारी यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी सहित यात्रा से जुड़े जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। हाल में खराब मौसम के कारण यात्रा को कुछ समय के लिए रोकना भी पड़ा था, जिसके बाद मौसम में सुधार होने पर इसे फिर शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, चारधाम यात्रा का पहला चरण सफल रहा है और दूसरे चरण में भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा अवधि में अभी करीब डेढ़ माह शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।
