मुंबई: बॉलीवुड के दो प्रतिष्ठित परिवारों कपूर और बच्चन परिवार के बीच कभी रिश्तेदारी होने वाली थी, लेकिन करिश्मा कपूर और अभिषेक बच्चन की सगाई टूटने के बाद यह रिश्ता अधूरा रह गया। वर्षों तक इस मामले पर दोनों परिवारों ने चुप्पी साधे रखी, लेकिन अब फिल्म निर्माता-निर्देशक सुनील दर्शन ने इस रिश्ते के टूटने को लेकर कई अहम बातें साझा की हैं।
सुनील दर्शन ने एक इंटरव्यू में बताया कि करिश्मा कपूर और अभिषेक बच्चन का रिश्ता फिल्म एक रिश्ता: द बॉन्ड ऑफ लव के दौरान काफी मजबूत हो चुका था। बाद में जब उन्होंने फिल्म हां मैंने भी प्यार किया की योजना बनाई, तब तक दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो चुके थे। उनके मुताबिक, अमिताभ बच्चन के बेटे और राज कपूर की पोती की जोड़ी इंडस्ट्री की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक थी।
निर्देशक ने खुलासा किया कि जिस दिन करिश्मा और अभिषेक की सगाई टूटने का फैसला हुआ, वह संयोग से करिश्मा कपूर के घर पर ही मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यह दोनों के लिए बेहद भावनात्मक और कठिन दौर था। उनके अनुसार, सगाई टूटने के बाद करिश्मा नए साल का जश्न मनाने बैंकॉक चली गईं और लौटने के कुछ समय बाद अचानक उनके संजय कपूर से शादी करने की खबर मिली, जिसे वह आज तक पूरी तरह समझ नहीं पाए।
सगाई टूटने की वजह पर सुनील दर्शन ने उन अटकलों को खारिज किया, जिनमें कभी बबीता कपूर या जया बच्चन को जिम्मेदार ठहराया जाता रहा। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति को दोष देना उचित नहीं है। उनके अनुसार, करिश्मा और अभिषेक के बीच प्यार जरूर था, लेकिन दोनों के स्वभाव, सोच और मिजाज में काफी अंतर था। समय के साथ यही मतभेद बढ़ते गए और आखिरकार रिश्ता टूट गया।
सगाई टूटने के कुछ महीनों बाद, 29 सितंबर 2003 को करिश्मा कपूर ने संजय कपूर से विवाह कर लिया। इस शादी से उनके दो बच्चे हुए, लेकिन बाद में दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने के कारण वर्ष 2016 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद संजय कपूर ने 2017 में प्रिया सचदेव से शादी की। जून 2025 में इंग्लैंड में पोलो खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से संजय कपूर का निधन हो गया।
वहीं, अभिषेक बच्चन ने बाद में ऐश्वर्या राय बच्चन से विवाह किया और दोनों आज बॉलीवुड के चर्चित दंपतियों में गिने जाते हैं।
