देहरादून। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। चारों धामों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 9 मई को अकेले 57 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम में दर्शन किए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक कुल श्रद्धालुओं की संख्या 9 लाख 77 हजार के पार पहुंच गई है।
यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 9 मई को यमुनोत्री धाम में 11,066 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिसके बाद यहां कुल दर्शनार्थियों की संख्या 1 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है। वहीं गंगोत्री धाम में शनिवार को 12 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे। अब तक यहां 1 लाख 55 हजार से अधिक भक्त मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। गौरतलब है कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले गए थे।
केदारनाथ धाम में इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बाबा केदार के कपाट 22 अप्रैल को खुले थे और तब से लेकर 9 मई तक 4 लाख 20 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। शनिवार को भी करीब 19,130 भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए।
वहीं बदरीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 9 मई को 15,535 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम में कुल दर्शनार्थियों की संख्या 2 लाख 45 हजार के पार पहुंच गई है।
चारधाम यात्रा में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस, स्वास्थ्य और प्रशासनिक टीमों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था, मेडिकल सहायता और आपदा प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन को उम्मीद है कि मई महीने में श्रद्धालुओं की संख्या में और तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। इसे देखते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

