onwin giriş
Home उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का कहर: पहाड़ों में ऑरेंज अलर्ट, बारिश-बर्फबारी से बढ़ी ठंड

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राज्य में तेज बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए कई पहाड़ी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज अंधड़, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

राज्य के देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम सुहावना हो गया है, जबकि पहाड़ी इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई स्थानों पर तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे ठंड बढ़ गई है।

चमोली जिला में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ है, जहां करीब 500 से अधिक बकरियों की मौत हो गई। वहीं ओलावृष्टि से किसानों की खड़ी फसलें और आम-लीची की पैदावार को भी नुकसान पहुंचा है।

चारधाम यात्रा पर भी मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है। केदारनाथ धाम में बारिश और बर्फबारी के बीच तापमान शून्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया है। इसके बावजूद श्रद्धालु भारी संख्या में दर्शन के लिए कतारों में खड़े हैं। बद्रीनाथ धाम, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में भी आस्था का सैलाब उमड़ रहा है।

सोमवार रात को देहरादून और आसपास के इलाकों में हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया। हालांकि सुबह धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र ने हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में भी भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

जहां इस बदले मौसम से भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं तेज हवाएं, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं नुकसान भी पहुंचा रही हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.