
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, वाहन भांगलवाड़ गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम धामी ने जताया दुख, घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया जाए, ताकि उन्हें समय पर उचित उपचार मिल सके। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
PM मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए किया 2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पौड़ी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
कुछ दिन पहले टिहरी में भी हुआ था बड़ा बस हादसा
उत्तराखंड में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले ही टिहरी गढ़वाल में गुलार पुल के पास एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई थी। उस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई थी और करीब 25 से 26 लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

