ओडिशा के देवगढ़ जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 38 वर्षीय व्यक्ति पर 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि आरोपी बच्ची को नमकीन और कुरकुरे खिलाने का लालच देकर अपने साथ घर ले गया और वहां उसके साथ यौन अपराध किया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। आरोपी घनश्याम नायक (38) बच्ची के पड़ोस में ही रहता है। आरोप है कि उसने 4 साल की बच्ची को कुरकुरे देने का लालच दिया और बहला-फुसलाकर उसे अपने घर ले गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन अपराध किया गया।
घटना के बाद बच्ची की मां ने देवगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची की उम्र को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बच्ची की आवश्यक मेडिकल जांच भी कराई है। गिरफ्तार आरोपी को विशेष POCSO कोर्ट में पेश किया गया, जहां से मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
देवगढ़ के एसपी किशोर चंद्र मुंड ने बताया कि 5 अगस्त को थाने में 4 साल की बच्ची के साथ उसके करीबी रिश्तेदार और पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान घटना की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है और बच्ची की सुरक्षा तथा उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
