
दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। मलबे में करीब 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ। इमारत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन बिल्डिंग में तीन से चार लिंटेल (छत के हिस्से) डाले जा चुके थे, जो अचानक एक साथ गिर गए। बताया जा रहा है कि यह इमारत पिछले तीन से चार महीनों से बनाई जा रही थी।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 9:50 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद कम से कम छह दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। बचाव अभियान में NDMC, दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और MCD की टीमें जुटी हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में करीब 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
इस हादसे के बाद इलाके की पार्षद राफिया माहिर ने अवैध निर्माण का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग कई बार स्टैंडिंग कमेटी की बैठक और सदन में उठाई गई थी, लेकिन मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर समय रहते कार्रवाई की गई होती तो शायद आज यह हादसा नहीं होता और लोगों की जान नहीं जाती।
फिलहाल संकरी गलियों के कारण राहत एवं बचाव अभियान में परेशानी आ रही है। प्रशासन की टीमें मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुटी हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

