हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान रोजगार, सरकारी नौकरी, स्वरोजगार, स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक, कौशल विकास, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से प्रदेश एवं देश के विकास से जुड़े सवाल पूछे। इस दौरान युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए और रोजगार, स्वरोजगार तथा प्रदेश में नए अवसरों को लेकर सुझाव भी दिए।
AI और डिजिटल तकनीक में युवाओं के लिए नए अवसर
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को आगे बढ़ाने और उनके लिए नए अवसर तैयार करने पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रही हैं।
नितिन नबीन ने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में तेजी से संभावनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। उनकी ऊर्जा और क्षमता को प्रदेश के विकास से जोड़कर उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पर्वतीय राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक इस्तेमाल करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक इस्तेमाल की अपील करते हुए कहा कि यह युवाओं के लिए अपनी बात रखने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। नितिन नबीन ने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए समय प्रबंधन और समय का सही उपयोग बेहद जरूरी है।
धामी बोले- अब तक करीब 34 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। भारत की बड़ी युवा आबादी देश को नई ऊर्जा और नई सोच दे रही है। तकनीक और नवाचार के बढ़ते इस्तेमाल से युवाओं के सामने रोजगार और करियर की नई संभावनाएं खुल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनकी सरकार ने इस सोच के साथ काम किया कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।” इसी दिशा में सरकारी विभागों में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया।
धामी ने बताया कि अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को जेल भेजा गया और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसा गया।
स्वरोजगार और स्टार्टअप पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित रखने के बजाय स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाने पर सरकार का विशेष ध्यान है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के जरिए युवाओं को अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, AI, रोबोटिक्स और नई तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं तैयार की जा रही हैं।
राष्ट्रीय खेलों में 100 से ज्यादा पदक बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। राज्य में खेल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में भी काम आगे बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की खेल प्रतिभा और बेहतर होते खेल वातावरण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सरकार की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
