Odisha Crime News: ओडिशा के क्योंझर जिले से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटगांव थाना क्षेत्र के बांका पटोली गांव में एक महिला पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि मृतक ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक पहले से शादीशुदा था और उसने दूसरी महिला से भी शादी कर ली थी। आरोप है कि पहली पत्नी को जब पति की दूसरी शादी के बारे में पता चला तो दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था।
बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर महिला ने कथित तौर पर लकड़ी के डंडे से पति के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसका गला दबाने का भी आरोप है। घटना के बाद महिला वहां से अपने घर चली गई।
हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके भाइयों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बताई गई। पुलिस के मुताबिक, उसके सिर पर लकड़ी से वार करने और गला दबाने के निशान मिले थे। बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही घटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
घटगांव के एसडीपीओ प्रताप चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद के बाद पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी के घर जाकर पति पर लकड़ी से हमला किया और उसका गला दबाया। मामले में घटगांव थाने में केस दर्ज किया गया है और आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
