onwin giriş
Home उत्तराखंड

उत्तराखंड: जनसेवा शिविरों में 2,366 से अधिक लोगों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ, 257 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत गुरुवार को प्रदेशभर में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर, जनसमस्या निवारण शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया।

प्रदेशभर में आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, श्रम, आयुष, विद्युत, पेयजल और खाद्य आपूर्ति समेत कई विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवाएं, प्रमाण-पत्र, पेंशन, रोजगार, कृषि सहायता, महालक्ष्मी किट, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।

हरिद्वार के नारसन में आयोजित शिविर में 264 लोगों ने भाग लिया, जहां 11 शिकायतों में से छह का तत्काल निस्तारण किया गया। चम्पावत के रेगड़ू में 359 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला, जबकि 51 आवेदन प्राप्त हुए। उत्तरकाशी के पुरोला में 290 लोगों को लाभान्वित किया गया और सभी पांच शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।

नैनीताल के कोटाबाग में सबसे बड़े शिविरों में से एक का आयोजन हुआ, जहां 510 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला। यहां प्राप्त 250 शिकायतों में से 190 का तत्काल निस्तारण किया गया। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 16 लाभार्थियों को करीब 13 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए और पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।

चमोली के दशोली में 174 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला और 26 में से 18 शिकायतों का समाधान किया गया। ऊधम सिंह नगर के जसपुर में 54 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 38 का मौके पर निस्तारण किया गया।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेशभर में आयोजित शिविरों के माध्यम से 2,366 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। कुल 389 से अधिक शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 257 से अधिक का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “सेवा, सुशासन एवं समर्पण राज्य सरकार की कार्यसंस्कृति का आधार है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के जरिए शासन को सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी अपने क्षेत्र में ही सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल सके।”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास और जनकल्याण का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने जनसेवा शिविरों को सरकार और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास और हर नागरिक के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.