उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी मार्मिक हिंदी शॉर्ट फिल्म फायर वॉरियर्स का चयन प्रतिष्ठित वेव्स इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 3.0 में प्रदर्शन के लिए किया गया है। “सिनेमैटिक वेव्स का उत्सव” थीम पर आधारित यह महोत्सव 7 मई से 10 मई 2026 तक एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा में आयोजित किया जा रहा है।
इस फिल्म का निर्देशन महेश भट्ट ने किया है। फिल्म की कहानी उत्तराखंड में सेवारत वन अधिकारी टी.आर. बीजू लाल की वास्तविक डायरी और अनुभवों पर आधारित है। बताया जा रहा है कि यह दुनिया की पहली ऐसी फिल्म है, जो किसी कार्यरत वन अधिकारी के वास्तविक अनुभवों से सीधे प्रेरित होकर बनाई गई है।
फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के खूबसूरत इलाकों रामगढ़, महेश खान, टैगोर टॉप और बिनसर में की गई है। फिल्म जंगलों, वन्यजीवों और पर्यावरण की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे वनकर्मियों के साहस और बलिदान की कहानी को सामने लाती है।
यह फिल्म अल्मोड़ा जिले के सफल ‘शीतलाखेत मॉडल’ से प्रेरित है, जहां ग्रामीण ‘ओण दिवस’ मनाकर जंगलों को आग से बचाने के लिए
सामूहिक प्रयास करते हैं। साथ ही, 29 मिनट की यह फिल्म वर्ष 2024 में बिनसर वन्यजीव अभयारण्य में लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले पांच लोगों को श्रद्धांजलि भी देती है।
फिल्म का निर्माण Star Fortune Movies ने Reality Films के सहयोग से किया है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी मनोज सती ने की है, जबकि संपादन आयुष्मान और संगीत निर्देशन मान चौहान ने संभाला है। कार्यकारी निर्माता संजय मैठाणी और क्रिएटिव प्रोड्यूसर ऋतुराज हैं।
प्रोडक्शन टीम ने फिल्म के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उन गुमनाम वन रक्षकों को समर्पित है, जो जंगलों और वन्यजीवों की रक्षा के लिए अपने जीवन को जोखिम में डालते हैं। उनका मानना है कि गोवा जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिल्म के प्रदर्शन से उत्तराखंड के वन रक्षकों की कहानी वैश्विक दर्शकों तक पहुंचेगी।
वेव्स इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 3.0 का आयोजन गोवा सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसे गोवा पर्यटन विकास निगम और अन्य साझेदारों का सहयोग प्राप्त है।

