उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत दो अत्याधुनिक मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में श्रमिकों को उनके कार्यस्थल और आवास पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिक केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी ताकत हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के तहत श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के तहत श्रमिक परिवारों को हाईजीन किट वितरित की जाएगी, ताकि स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना का भी शुभारंभ किया। इस योजना के तहत श्रमिक परिवारों के पात्र छात्र-छात्राओं को योग और वेलनेस के क्षेत्र में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर वर्ष 210 बच्चों को प्रशिक्षण मिलेगा, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही टेली-कंसल्टेशन के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह भी मिलेगी और जांच के बाद तीन महीने तक मरीजों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाएगी।
इस सेवा की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत जिलों से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “श्रमेव जयते” के मंत्र से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार श्रमिकों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व सहयोग, बेटियों के विवाह, घर निर्माण, आवास सहायता, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन और वृद्ध श्रमिकों के लिए मासिक पेंशन जैसी कई योजनाएं पहले से संचालित कर रही है।
उन्होंने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ उन्हें निरंतर मिलता रहे।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, श्रमायुक्त पी.सी. दुम्का सहित बोर्ड एवं राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
