नाशिक: महाराष्ट्र के नाशिक और पालघर जिलों में शनिवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। नाशिक जिले में एक के बाद एक चार झटके दर्ज किए गए, जबकि पालघर में भी भूकंप का असर महसूस किया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी स्थान से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, नाशिक जिले के सुरगाणा तालुका के बोरगांव और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 9:55 बजे से भूकंप के चार हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इनकी अधिकतम तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। वहीं, पालघर जिले के दहानू तालुका के धुंदलवाड़ी-कासा क्षेत्र में सुबह करीब 10:57 बजे 3.1 तीव्रता का भूकंप आया।
अचानक आए झटकों के बाद कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, नाशिक में आए भूकंप का केंद्र शहर से लगभग 44 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम (NNW) दिशा में स्थित था।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
