onwin giriş
Home उत्तराखंड

उत्तराखंड बनेगा देश का वेडिंग डेस्टिनेशन, मुख्यमंत्री धामी ने निवेशकों को दिया न्योता

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को देश और दुनिया का प्रमुख डेस्टिनेशन वेडिंग हब बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने वेडिंग और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों से इस दिशा में सहयोग देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट, किमाड़ी में आयोजित ‘ग्रेस हिन्दुस्थान 2.0 उत्तराखंड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देशभर से आए वेडिंग प्लानर्स, इवेंट विशेषज्ञों, पर्यटन उद्यमियों और निवेशकों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिवसीय इस सम्मेलन में पर्यटन, वेडिंग और इवेंट उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों के सुझाव राज्य में पर्यटन विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने आयोजन के लिए इंटरनेशनल कन्वेन्शन ऑफ इवेंट इंडस्ट्रीज (ICEI) और पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट की टीम को बधाई दी।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वेड इन उत्तराखंड’ परिकल्पना को साकार करने के लिए राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि विशेषज्ञों और निवेशकों के सहयोग से उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर पसंदीदा वेडिंग डेस्टिनेशन बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में विवाह केवल सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि एक पवित्र संस्कार है। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक विरासत इस अवसर को और भी विशेष बनाती है। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए दुनिया भर के लोगों को आकर्षित कर सकता है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार त्रियुगीनारायण, ऊखीमठ, रामनगर, टिहरी और मसूरी सहित कई स्थानों को विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन वेडिंग सेंटर के रूप में विकसित कर रही है। उनका कहना था कि वेडिंग टूरिज्म से होटल और रिसॉर्ट ही नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों, लोक कलाकारों, होमस्टे संचालकों, टैक्सी चालकों और छोटे व्यापारियों को भी रोजगार और आय के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वेडिंग टूरिज्म के साथ-साथ स्पिरिचुअल और वेलनेस टूरिज्म को भी बढ़ावा दे रही है। केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के विकास, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, विवेकानंद कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर, यमुना कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसके अलावा शीतकालीन यात्रा और स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन जैसी पहलें भी पर्यटन को वर्षभर गति देंगी।

उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, रोपवे परियोजनाएं, हवाई अड्डों का विस्तार और हेलीपोर्ट विकास जैसे बुनियादी ढांचा परियोजनाएं पर्यटन को नई ऊंचाई देंगी।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था के माध्यम से हर संभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध करा रही है। उन्होंने सभी विशेषज्ञों और निवेशकों से उत्तराखंड के पर्यटन विकास में भागीदारी निभाने और राज्य को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.