Uttarakhand में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बदरीनाथ से यात्रियों को लेकर देहरादून जा रहा Trans Bharat Aviation का हेलीकॉप्टर टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हालांकि महिला पायलट अनुपमा चौधरी की सूझबूझ और साहस से सभी छह यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर को पहले गुप्तकाशी होते हुए देहरादून पहुंचना था, लेकिन बाद में उसे सीधे देहरादून जाने का संदेश मिला। नए रूट पर चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय सुबह करीब साढ़े नौ बजे हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तार फंसते ही हेलीकॉप्टर हवा में बुरी तरह हिचकोले खाने लगा और कुछ देर के लिए अनियंत्रित हो गया। यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर स्थिति के बावजूद पायलट अनुपमा चौधरी ने धैर्य बनाए रखा और हेलीकॉप्टर को नियंत्रित करते हुए सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। हादसे में हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
हेलीकॉप्टर में पायलट अनुपमा चौधरी के अलावा पुत्र राज सूरी, श्रीराज सूरी, भूमि सूरी, पार्थ सूरी, हिमांशी पटेल और निष्का सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही चंबा-सत्यो पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने बताया कि पायलट की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को बाद में सड़क मार्ग से सुरक्षित देहरादून भेज दिया गया।

