एवलिन शर्मा ने शादी के करीब पांच साल बाद अपने पति तुषान भिंडी से अलग होने का फैसला किया है। एक्ट्रेस ने खुद इस खबर की पुष्टि की और बताया कि यह निर्णय आपसी सहमति से लिया गया है।
मीडिया से बातचीत में एवलिन ने कहा कि दोनों अपने रिश्ते को खत्म कर रहे हैं, लेकिन अपने बच्चों की परवरिश साथ मिलकर करेंगे। उन्होंने साफ किया कि उनका फोकस अब को-पेरेंटिंग पर रहेगा और दोनों सौहार्दपूर्ण तरीके से आगे बढ़ना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने अपनी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील भी की।
एवलिन और तुषान के दो बच्चे हैं—बेटी अवा रानिया और बेटा आर्डेन। एवलिन ने बताया कि अलग होने के बावजूद दोनों मिलकर बच्चों की जिम्मेदारी निभाएंगे और उनकी परवरिश में कोई कमी नहीं आने देंगे।
दोनों की मुलाकात 2018 में एक ब्लाइंड डेट के जरिए हुई थी। करीब तीन साल तक डेटिंग के बाद तुषान ने सिडनी हार्बर ब्रिज के पास एवलिन को प्रपोज किया था। इसके बाद 2021 में ब्रिस्बेन में एक प्राइवेट सेरेमनी में दोनों ने शादी की।
एवलिन पहले भी अपनी क्रॉस-कल्चर शादी को लेकर खुलकर बात कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते को समझदारी से निभाया और अपनी जिंदगी के नियम खुद तय किए।
ये जवानी है दीवानी में “लारा” के किरदार से पहचान बनाने वाली एवलिन शर्मा कई बॉलीवुड फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। इनमें ‘नौटंकी साला’, ‘यारियां’, ‘मैं तेरा हीरो’, हिंदी मीडियम और जब हैरी मेट सेजल शामिल हैं। इसके अलावा वह साहो में भी दिखाई दी थीं।
फिलहाल, इस खबर से उनके फैंस जरूर हैरान हैं, लेकिन एवलिन और तुषान ने स्पष्ट किया है कि वे अपने बच्चों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ेंगे।

