पणजी। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान के इंजन में समस्या सामने आने के बाद पायलटों ने एहतियातन विमान को वापस गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (मोपा) पर उतारा। विमान में कुल 229 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान के एक इंजन में खराबी की जानकारी मिली। स्थिति को देखते हुए ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित की गई और विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ दिया गया।
SOP के तहत विमान को सुरक्षित उतारा गया
इंडिगो ने अपने बयान में बताया कि 1 सितंबर 2026 को नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 2102 में टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई।
पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। विमान की फिलहाल मेंटेनेंस टीम द्वारा जांच की जा रही है। जरूरी जांच और मंजूरी पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन में लाया जाएगा।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। एयरलाइन के अनुसार यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया और उन्हें लगातार स्थिति की जानकारी दी गई। यात्रियों को उनकी मंजिल दिल्ली तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था भी की गई है।
एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बिलासपुर में भी विमान का टायर फटा था
इससे पहले 28 अगस्त को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दिल्ली-बिलासपुर अलायंस एयर के विमान का टायर फट गया था। विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे।
टायर फटने की घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर लाया गया। सभी यात्रियों को बाद में टर्मिनल बिल्डिंग पहुंचाया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी।
