onwin giriş
Home बिज़नेस

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट: सेंसेक्स 989 अंक टूटा, निफ्टी 25,600 के नीचे बंद; IT शेयरों में भारी बिकवाली

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। कमजोर शुरुआत के बाद बाजार में मुनाफावसूली का दबाव बढ़ता गया और सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे ज्यादा दबाव आईटी, ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में देखने को मिला। हालांकि, मेटल और डिफेंस से जुड़े शेयरों में मजबूती रही।

सेंसेक्स 989 अंक गिरा, निफ्टी भी फिसला

शुक्रवार को कारोबार खत्म होने पर BSE सेंसेक्स 989.33 अंक यानी 1.17 फीसदी की गिरावट के साथ 83,339.26 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, NSE निफ्टी 290.65 अंक यानी 1.12 फीसदी टूटकर 25,593.85 पर आ गया।

हालांकि, बाजार के व्यापक रुख में कुछ मजबूती देखने को मिली। कुल 2,310 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,704 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, 180 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.10 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.50 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

IT और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव

सेक्टोरल इंडेक्स में आईटी शेयरों की सबसे ज्यादा पिटाई हुई। निफ्टी IT में 1.88 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी ऑटो 1.48 फीसदी, निफ्टी रियल्टी 1.43 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.33 फीसदी और निफ्टी प्राइवेट बैंक 1.12 फीसदी टूटकर बंद हुए।

निफ्टी सीमेंट में 1.05 फीसदी, FMCG में 0.93 फीसदी और बैंक इंडेक्स में 0.78 फीसदी की गिरावट रही।

दूसरी ओर, मेटल और डिफेंस शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मेटल 1.40 फीसदी और निफ्टी केमिकल्स 1.37 फीसदी चढ़कर बंद हुए। वहीं, मिडस्मॉल IT टेलीकॉम में 0.98 फीसदी और मीडिया इंडेक्स में 0.53 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।

TCS और Infosys समेत कई दिग्गज शेयर टूटे

निफ्टी के प्रमुख शेयरों में श्रीराम फाइनेंस सबसे ज्यादा 3.99 फीसदी गिरा। बजाज ऑटो में 3.36 फीसदी, HCL टेक में 3.03 फीसदी, Infosys में 2.68 फीसदी और TCS में 2.57 फीसदी की गिरावट रही।

इसके अलावा टेक महिंद्रा 2.20 फीसदी और एक्सिस बैंक 1.98 फीसदी टूटकर बंद हुए।

हालांकि, बाजार की गिरावट के बीच कुछ शेयरों ने मजबूती दिखाई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.72 फीसदी, JSW स्टील 1.40 फीसदी और टाइटन 0.95 फीसदी चढ़े। इसके अलावा हिंडाल्को, SBI लाइफ, ONGC और टाटा स्टील भी बढ़त के साथ बंद हुए।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.