
लोकआस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत के अंतिम दिन देशभर में श्रद्धालुओं ने सुबह-सुबह नदियों, तालाबों और घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास रखने वाले व्रतियों ने अपना व्रत पूरा किया।
बिहार की राजधानी पटना समेत देश के कई शहरों में छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही भक्तिमय माहौल देखने को मिला। घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना की। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी ने छठी मैया से की प्रार्थना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उषा अर्घ्य के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि वे सभी व्रतियों और देशवासियों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।
संध्या अर्घ्य पर भी दी थी बधाई
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने छठ पूजा के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के अवसर पर भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा था कि प्रकृति पूजन को समर्पित यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई चेतना और ऊर्जा लेकर आए। साथ ही समाज में सद्भाव और समरसता को मजबूत करे।
पीएम मोदी ने सूर्यदेव से सभी के जीवन को खुशियों और प्रकाश से भरने की कामना भी की थी।
छठ पूजा के शुभारंभ पर किया था व्रतियों को नमन
प्रधानमंत्री ने छठ महापर्व की शुरुआत यानी नहाय-खाय के दिन भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने सभी व्रतियों को नमन करते हुए कामना की थी कि छठी मैया का आशीर्वाद हर किसी को प्राप्त हो।
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा हुआ 36 घंटे का व्रत
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। व्रती पानी में खड़े होकर सूर्य की पहली किरण के साथ पूजा-अर्चना करते नजर आए। इसके बाद 36 घंटे तक चलने वाले निर्जला उपवास का पारण किया गया।
चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ। छठ पूजा में भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना की जाती है। यह पर्व आस्था, पवित्रता, अनुशासन और परिवार की खुशहाली का प्रतीक माना जाता है।

