
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में सियासी हलचल तेज हो गई है। देहरादून महानगर की पांच विधानसभा सीटों पर टिकट पाने के लिए नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है। कई नेताओं ने पार्टी फोरम पर अपने नाम दर्ज कराए हैं, जबकि कुछ ने बाकायदा आवेदन भी सौंप दिए हैं।
अब तक देहरादून कैंट विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 13 नेताओं ने टिकट के लिए दावेदारी की है। वहीं, धर्मपुर विधानसभा सीट पर केवल तीन नाम सामने आए हैं। भाजपा महानगर महामंत्री बिजेंद्र थपलियाल के मुताबिक, पांचों विधानसभा क्षेत्रों में टिकट के इच्छुक नेताओं ने बैठकों के दौरान अपनी दावेदारी दर्ज कराई है।
प्रदेश नेतृत्व को सौंपा जाएगा दावेदारों का पैनल
महानगर महामंत्री बिजेंद्र थपलियाल ने बताया कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी में लगातार बैठकें हो रही हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों से सामने आए दावेदारों के नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। इसके बाद इसे आगामी दिनों में प्रदेश नेतृत्व के सामने रखा जाएगा।
कैंट विधानसभा सीट पर 13 नेताओं ने ठोकी दावेदारी
देहरादून महानगर की पांच सीटों में कैंट विधानसभा सीट पर टिकट की दौड़ सबसे दिलचस्प दिखाई दे रही है। यहां मौजूदा विधायक सविता कपूर के अलावा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, जोगेंद्र पुंडीर, विनय गोयल, राजेश सेठी, अमित कपूर, आदित्य चौहान, कुंवर जपेंद्र सिंह, अर्चित डावर, अमिता सिंह, सचिन गुप्ता, सिद्धार्थ बंसल और मोहित शर्मा ने दावेदारी पेश की है।
मसूरी सीट से पांच दावेदार मैदान में
मसूरी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के अलावा पूर्व मेयर सुनील गामा, भाजपा नेता रविंद्र जुगरान, सुनीता विद्यार्थी और नगर निगम पार्षद भूपेंद्र कठैत ने टिकट की दावेदारी की है।
शुक्रवार को पार्षद भूपेंद्र कठैत ने महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल और पार्टी नेतृत्व को अपना आवेदन सौंपा।
धर्मपुर और रायपुर सीट पर भी बढ़ी हलचल
धर्मपुर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक विनोद चमोली के अलावा रतन सिंह चौहान और भूपेंद्र कंडारी ने दावेदारी पेश की है। इस सीट पर अब तक कुल तीन नाम सामने आए हैं।
वहीं, रायपुर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक उमेश शर्मा काऊ के अलावा कुलदीप बुटोला, कमली भट्ट, सीताराम भट्ट, राजकुमार पुरोहित, राजेश शर्मा, विनोद उनियाल और रंजीत भंडारी ने टिकट के लिए दावेदारी की है। यहां कुल आठ नेता टिकट की दौड़ में शामिल हैं।
भाजपा में टिकट को लेकर शुरू हुई इस हलचल के बीच अब सबकी नजरें पार्टी के प्रदेश नेतृत्व पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में दावेदारों का पैनल सामने आने के बाद चुनावी समीकरण और दिलचस्प हो सकते हैं।

