onwin giriş
Home अंतर-राष्ट्रीय

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में बड़ी खराबी, 7 हजार उड़ानें प्रभावित; साइबर अटैक और AI की भूमिका की भी जांच

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस गड़बड़ी की वजह से करीब 7 हजार उड़ानों में देरी हुई या उन्हें रद्द करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी जांच एजेंसियां साइबर अटैक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।

अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने शुक्रवार को कहा कि शुरुआती जांच में अब तक साइबर हमले या अनियंत्रित AI के इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला है। फिलहाल मिले संकेत पुराने तकनीकी उपकरणों और मशीनों में खराबी की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।

मुलिन के मुताबिक, साइबर हमले की स्थिति में आमतौर पर डिजिटल निशान या सिस्टम में बाहरी घुसपैठ के संकेत मिलते हैं, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। उन्होंने इस घटना को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि जांच के लिए सभी जरूरी संसाधन लगाए गए हैं।

वहीं, अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि पुराने टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में अचानक ज्यादा डेटा आने से तकनीकी दबाव बढ़ गया था। इसके चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों और रडार सिस्टम के बीच संचार प्रभावित हुआ। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने देशभर में उड़ानों को रोकने का फैसला लिया।

जिस समय उड़ानें रोकने का आदेश दिया गया, उस समय 3,500 से ज्यादा विमान आसमान में थे। अधिकारियों ने सभी विमानों को सुरक्षित लैंड कराया। मेडिकल इमरजेंसी, जरूरी दवाइयों की आपूर्ति और कानून प्रवर्तन से जुड़ी उड़ानों को विशेष अनुमति दी गई थी।

इस बीच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने उड़ानों पर लगी रोक हटा दी है। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटअवेयर के अनुसार, इस तकनीकी खराबी से करीब 7 हजार उड़ानें प्रभावित हुईं।

अमेरिका में हवाई यातायात बाधित होने का असर एयर इंडिया की उड़ानों पर भी पड़ सकता है। एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें।

अमेरिकी प्रशासन अब पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को आधुनिक बनाने की तैयारी कर रहा है। परिवहन मंत्री ने इसके लिए कांग्रेस से फंड जारी करने की मांग की है। फिलहाल जांच एजेंसियां इस तकनीकी खराबी की असली वजह का पता लगाने में जुटी हैं।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.