नई दिल्ली: कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक के दौरान मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद शशि थरूर के बीच हल्का-फुल्का संवाद देखने को मिला। थरूर के एक सुझाव पर खरगे ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, जिसके बाद बैठक में मौजूद कई नेता मुस्कुरा उठे और हंस पड़े।
दरअसल, तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बैठक में सुझाव दिया कि महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस को बड़ा धरना प्रदर्शन आयोजित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी को इस मौके पर सक्रिय कार्यक्रम करना चाहिए, क्योंकि ऐसा नहीं होने पर बीजेपी इस अवसर का इस्तेमाल अपनी छवि मजबूत करने के लिए कर सकती है।
थरूर के सुझाव पर मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी ओर इशारा करते हुए कहा कि अगर पार्टी धरना आयोजित करती है तो उन्हें भी उसमें शामिल होना चाहिए। खरगे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह केवल अंग्रेजी अखबारों में लेख लिखते न रहें, बल्कि धरने में भी शामिल हों। खरगे की इस टिप्पणी के बाद बैठक में हंसी का माहौल बन गया।
पहले भी थरूर पर टिप्पणी कर चुके हैं खरगे
यह पहली बार नहीं है जब खरगे ने शशि थरूर को लेकर ऐसी टिप्पणी की हो। इससे पहले CWC की एक बैठक में भी खरगे ने बिना नाम लिए उन नेताओं पर तंज कसा था, जो टीवी पर लोकप्रिय हैं और अंग्रेजी अखबारों में लेख लिखते हैं।
उस दौरान खरगे ने हरिद्वार में हुए कथित अपमान के मुद्दे पर ऐसे नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि टीवी पर लोकप्रिय और अखबारों में लेख लिखने वाले नेताओं को भी ऐसे मुद्दों को उसी भावना के साथ उठाना चाहिए।
पीएम मोदी की तारीफ वाले लेख पर भी हुई थी चर्चा
पिछले साल शशि थरूर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ में लिखे गए एक लेख को लेकर भी कांग्रेस के भीतर चर्चा हुई थी। इस मुद्दे पर खरगे ने थरूर को लेकर चुटकी ली थी। मंगलवार की CWC बैठक में दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत ने एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा बटोर ली है।
