onwin giriş
Home उत्तराखंड

चमोली में बोले सीएम धामी: ‘जन-जन की सरकार’ अभियान से जनता के द्वार पहुंच रहा शासन, बद्रीनाथ चोरी के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

गोपेश्वर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच की दूरी खत्म करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगवाकर प्रशासन को सीधे जनता के बीच पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

गोपेश्वर के पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में 6 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की और 60 हजार से अधिक शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सीमांत गांव, प्रथम गांव’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा’ का सपना तेजी से साकार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार जी-20 बैठकों और राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ। शीतकालीन यात्रा की शुरुआत से पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने बताया कि राज्य में 3.75 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर काम शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि राज्य में जीएसटी संग्रह, प्रति व्यक्ति आय, स्टार्टअप, पर्यटन और होमस्टे क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही रिवर्स पलायन की सकारात्मक तस्वीर सामने आई है और युवा अपने गांव लौटकर स्वरोजगार अपना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर ऐतिहासिक पहल की है। इसके साथ ही धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में चमोली जिले में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। बद्रीनाथ धाम, माणा और नीति क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना भविष्य में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। वहीं, हेली एम्बुलेंस सेवा के जरिए वर्ष 2024 से अब तक चमोली के 76 गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज के लिए पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चमोली जिले की 42 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और 25 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। वहीं, 48 हजार से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 196 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। दीनदयाल होमस्टे योजना के अंतर्गत जिले में 872 नए होमस्टे स्थापित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने बद्रीनाथ मंदिर चोरी प्रकरण को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार इस मामले में किसी भी तरह की राजनीति नहीं होने देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.