अगर आपके घर में अचानक गैस खत्म हो जाए, तो अब लंबे इंतजार की जरूरत नहीं होगी। क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर एक नई सेवा शुरू की है, जिसके तहत ग्राहक अब करीब 10 मिनट में LPG सिलेंडर मंगा सकेंगे।
फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु के उन क्षेत्रों में की गई है, जहां स्विगी इंस्टामार्ट की डिलीवरी उपलब्ध है। इसे भारत में क्विक-कॉमर्स के जरिए LPG सिलेंडर की डिलीवरी की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
शुरुआती चरण में ग्राहक दो तरह के छोटे LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।
HP Navya 10 किलोग्राम कंपोजिट LPG सिलेंडर
HPCL का 5 किलोग्राम मेटल LPG सिलेंडर
10 किलोग्राम का HP Navya कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का है, इसमें जंग नहीं लगती और इसका पारदर्शी डिजाइन गैस का बचा हुआ स्तर आसानी से दिखाता है। ये सिलेंडर छोटे परिवारों, छात्रों, किराए के मकानों में रहने वालों और छोटे कारोबारियों के लिए अधिक सुविधाजनक माने जा रहे हैं।
स्विगी इंस्टामार्ट ऐप के जरिए सिलेंडर बुक करना आसान है।
स्विगी इंस्टामार्ट ऐप खोलें।
HPCL LPG Cylinder सर्च करें।
अपनी जरूरत के अनुसार सिलेंडर चुनें।
ऑर्डर कन्फर्म करें।
बुकिंग ऐप पर होगी, जबकि सिलेंडर की डिलीवरी HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर और प्रशिक्षित डिलीवरी स्टाफ द्वारा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए की जाएगी।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह डिजिटल इंडिया, ईज ऑफ लिविंग और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार, ऑन-डिमांड LPG डिलीवरी से ग्राहकों को अधिक सुविधा मिलेगी और स्वच्छ ईंधन तक पहुंच आसान होगी।
इस नई सेवा से गैस खत्म होने पर लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खासकर छोटे परिवारों, छात्रों, किराएदारों और छोटे व्यवसायों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो भविष्य में देश के अन्य बड़े शहरों में भी 10 मिनट में LPG सिलेंडर डिलीवरी की सुविधा शुरू की जा सकती है।
