रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ ने भारत और दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की है, लेकिन जापान में इसकी शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। 10 जुलाई को जापान में रिलीज हुई फिल्म पहले दिन दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही।
‘धुरंधर 2’ को जापान में करीब 80 स्क्रीन पर रिलीज किया गया था। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले दिन फिल्म देखने के लिए महज 900 दर्शक पहुंचे। रिलीज के दिन दोपहर तक 57 लोकेशनों पर केवल 449 टिकट बिके थे और पूरे दिन में टिकट बिक्री 900 तक ही पहुंच सकी।
कमज़ोर शुरुआत के चलते फिल्म जापान में रिलीज के पहले सप्ताहांत के दौरान टॉप-25 फिल्मों की सूची में भी जगह नहीं बना सकी।
जापान में पहले दिन सबसे ज्यादा दर्शक जुटाने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में भी ‘धुरंधर 2’ जगह बनाने में असफल रही। इस सूची में शीर्ष स्थान पर ‘आरआरआर’ है, जिसे पहले दिन 8,230 दर्शक मिले थे।
सूची में ‘आरआरआर’ के बाद ‘साहो’, ‘कल्कि 2898 एडी’, ‘पठान’, ‘सालार’, ‘जवान’, ‘रंगस्थलम’, ‘देवरा’, ‘बाहुबली 2’ और ‘टाइगर 3’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
जापान में धीमी शुरुआत के बावजूद भारत में ‘धुरंधर 2’ ने शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म भारत की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है और इस मामले में केवल ‘दंगल’ उससे आगे है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की दोनों फिल्मों ने दुनियाभर में 3,100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। वहीं, अकेले ‘धुरंधर 2’ ने 100 दिनों में 1,813 करोड़ रुपये का वैश्विक कारोबार किया है।
‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी का लेखन और निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
भारत में रिकॉर्डतोड़ सफलता के बाद जापान में फिल्म की इतनी धीमी शुरुआत ने ट्रेड विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि आने वाले दिनों में फिल्म वर्ड-ऑफ-माउथ के दम पर अपनी कमाई में सुधार कर पाती है या नहीं।
