प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं। ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि करीब 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड आया है। उन्होंने अपने पुराने दौरे को याद करते हुए बताया कि 25-30 साल पहले, जब वह किसी सरकारी पद पर नहीं थे, तब उन्हें यहां आने का अवसर मिला था। उस दौरान उन्हें एक मफलर, एक कैप और एक जोड़ी दस्ताने उपहार में मिले थे। पीएम मोदी ने कहा कि वही मफलर आज भी उन्होंने संभालकर रखा है और इस कार्यक्रम में पहनकर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह मफलर उन्हें यहां के लोगों के प्यार की याद दिलाता है।
प्रधानमंत्री ने भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को न्यूजीलैंड की पारंपरिक अवधारणा ‘वाका’ से जोड़ते हुए कहा कि यह केवल एक नाव नहीं, बल्कि साझा यात्रा और साझेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अब भारत और न्यूजीलैंड की यह साझा यात्रा नए सफर पर निकलने के लिए तैयार है। दोनों देशों के सामने अपार अवसर हैं और इस रिश्ते को आगे बढ़ाने में न्यूजीलैंड में रहने वाला भारतीय समुदाय सबसे अहम भूमिका निभाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोग हैं, जिन्होंने भारतीय समुदाय को खुले दिल से अपनाया है। उन्होंने कहा कि किवी-इंडियन समुदाय आज देश की अर्थव्यवस्था और समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने एयर न्यूजीलैंड के सीईओ निखिल रविशंकर, पूर्व गवर्नर जनरल आनंद सत्यानंद और क्रिकेटर रचिन रविंद्र, ईश सोढ़ी व रैदास पटेल जैसे भारतीय मूल के लोगों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह न्यूजीलैंड की समावेशी सोच का उदाहरण है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड की कई सड़कों और स्थानों के नाम भारतीय शहरों पर रखे गए हैं, जो दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्तों को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां रह रहे भारतीय अब पूरी तरह किवी समाज का हिस्सा बन चुके हैं।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत हजारों साल पुरानी सभ्यता होने के बावजूद आधुनिकता को पूरी तरह अपना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा दुनिया से सीखने में विश्वास रखता है और न्यूजीलैंड से भी कई क्षेत्रों में प्रेरणा ली है। उन्होंने महिलाओं को सबसे पहले मतदान का अधिकार देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए न्यूजीलैंड की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत भी महिला-नेतृत्व वाले विकास और किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
