Chennai Super Kings को Indian Premier League के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज Jamie Overton चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। ओवरटन इलाज के लिए इंग्लैंड लौट चुके हैं। उनकी जगह चेन्नई सुपर किंग्स ने दक्षिण अफ्रीका के युवा ऑलराउंडर Dian Forrester को टीम में शामिल किया है।
सीएसके ने डायने फॉरेस्टर को 75 लाख रुपये में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर अपने साथ जोड़ा है। 25 वर्षीय फॉरेस्टर ने इसी साल मार्च में दक्षिण अफ्रीका के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक वह 5 इंटरनेशनल मुकाबलों में 83 रन बना चुके हैं। फॉरेस्टर बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी भी करते हैं, जिससे चेन्नई की टीम को अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है।
डायने फॉरेस्टर हाल ही में खेले गए Pakistan Super League में भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। वह Rawalpindi Raiders टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 6 मुकाबलों में 132 रन बनाए और 2 विकेट भी हासिल किए। उनके प्रदर्शन ने कई फ्रेंचाइजियों का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
टी20 क्रिकेट में फॉरेस्टर का रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 36 टी20 मैचों में 681 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 35.84 और स्ट्राइक रेट 140.70 का रहा है। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 11 विकेट अपने नाम किए हैं।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। टीम ने अब तक 11 मुकाबलों में 6 जीत और 5 हार के साथ 12 अंक हासिल किए हैं और अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। सीएसके को लीग चरण में अभी तीन मुकाबले और खेलने हैं, जिनमें उसका सामना Lucknow Super Giants, Sunrisers Hyderabad और Gujarat Titans से होगा। इन मुकाबलों में टीम का प्रदर्शन प्लेऑफ की तस्वीर तय करेगा।

