Delhi Police Special Cell ने Central Bureau of Investigation और अज़रबैजान की एजेंसियों के साथ समन्वय कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े फरार आरोपी प्रभदीप सिंह को अज़रबैजान की राजधानी Baku से भारत वापस लाया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में 358 किलो हेरोइन बरामद हुई थी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की तीन सदस्यीय टीम—एसीपी विवेक त्यागी, इंस्पेक्टर संजय गुप्ता और सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार—13 मई 2026 को प्रभदीप सिंह को भारत लेकर पहुंची। आरोपी को साल 2021 में दर्ज एफआईआर नंबर 172/21 के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार प्रभदीप सिंह विदेश में बैठे ड्रग माफिया नवप्रीत सिंह उर्फ “नव” के भारत स्थित नेटवर्क को संचालित करता था। नवप्रीत सिंह की आखिरी लोकेशन Turkey बताई गई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई हैं।
स्पेशल सेल के मुताबिक प्रभदीप, नवप्रीत के निर्देश भारत में मौजूद आरोपियों तक पहुंचाता था। 333 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए गए गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह को भी वही निर्देश देता था। जांच में सामने आया है कि वह ड्रग्स की खेप की मूवमेंट पर नजर रखता था और सिंडिकेट के अन्य सदस्यों के लगातार संपर्क में रहता था।
अब जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क, फंडिंग और विदेशी कनेक्शन की जानकारी जुटाएंगी।
साल 2021 में दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि रिजवान अहमद उर्फ रिजवान कश्मीरी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर ड्रग तस्करी कर रहा है।
5 जुलाई 2021 को स्पेशल सेल को जानकारी मिली कि रिजवान दक्षिण दिल्ली के घिटोरनी इलाके में हेरोइन की सप्लाई देने आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 1 किलो हेरोइन बरामद हुई थी।
पूछताछ में रिजवान ने खुलासा किया कि वह अफगानिस्तान में बैठे अफगानी नागरिक ईशा खान के इशारे पर काम करता था। ईशा खान ने उसे पंजाब के रहने वाले गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह से संपर्क करने को कहा था, जो हरियाणा के Faridabad से ड्रग रैकेट चला रहे थे। इसके बाद पुलिस ने फरीदाबाद में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए।
- हुंडई वर्ना कार से 166 किलो हेरोइन
- होंडा अमेज कार से 115 किलो हेरोइन
- किराए के फ्लैट से 70 किलो हेरोइन और साइकोट्रॉपिक पदार्थ
इसके अलावा Gurugram से अफगान नागरिक हजरत अली को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 2 किलो हेरोइन और करीब 100 किलो ऐसे केमिकल बरामद हुए जिनका इस्तेमाल ड्रग्स तैयार करने में किया जाता है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गुरप्रीत सिंह की मुलाकात नवप्रीत सिंह उर्फ नव से पंजाब की कपूरथला जेल में हुई थी। दोनों अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में जेल में बंद थे और वहीं से इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की शुरुआत हुई।
इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक अफगान नागरिक भी शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ अदालत में ट्रायल जारी है।

