onwin giriş
Home अंतर-राष्ट्रीय

कतर के ऊपर अमेरिकी KC-135 विमान लापता, इमरजेंसी सिग्नल ‘7700’ जारी

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी वायुसेना का एक KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान कतर के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक रडार से गायब हो गया। इस घटना ने सैन्य और अंतरराष्ट्रीय हलकों में चिंता बढ़ा दी है।

फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार, विमान ने उड़ान के दौरान ‘7700’ इमरजेंसी सिग्नल जारी किया था। यह कोड आमतौर पर गंभीर तकनीकी खराबी या किसी अन्य आपात स्थिति का संकेत देता है।

जानकारी के मुताबिक, यह विमान कतर के हवाई क्षेत्र में उड़ान भर रहा था। ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि विमान कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाता रहा और फिर लैंडिंग के लिए नीचे उतरने लगा, लेकिन इसके बाद उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।

बताया जा रहा है कि यह विमान अल धफरा एयर बेस (संयुक्त अरब अमीरात) से संचालित हो रहा था और क्षेत्र में चल रहे सैन्य अभियानों का हिस्सा था। हालांकि, अभी तक इस घटना को किसी हमले या विरोधी कार्रवाई से जोड़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

KC-135 को “फ्लाइंग गैस स्टेशन” भी कहा जाता है, क्योंकि यह हवा में ही अन्य लड़ाकू और बमवर्षक विमानों को ईंधन भरने (एरियल रिफ्यूलिंग) में सक्षम होता है। इसमें चार टर्बोफैन इंजन लगे होते हैं और यह लंबे समय तक हवा में रहकर सैन्य अभियानों को सपोर्ट करता है।

यह विमान न सिर्फ ईंधन आपूर्ति करता है, बल्कि जरूरत पड़ने पर यात्रियों और सैन्य उपकरणों को भी ढो सकता है। इसके अलावा, इसे मेडिकल इवैक्यूएशन मिशन में भी इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें घायल या बीमार लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जाता है।
फिलहाल, विमान के लापता होने के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां और सैन्य अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.