उत्तरकाशी जिला के मोरी ब्लॉक में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा अभियान की धनराशि में गड़बड़ी और लापरवाही के आरोप में दो प्रभारी प्रधानाध्यापकों और एक पीटी शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, अमित कोटियाल के नेतृत्व में शिक्षा विभाग की टीम ने हाल ही में विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय दोणी और राजकीय प्राथमिक विद्यालय सट्टा में प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार और हरिचंद्र बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
इसके अलावा, समग्र शिक्षा अभियान के तहत मिली धनराशि के उपयोग में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि जमीनी स्तर पर कार्य नहीं हुआ, जिसके बाद दोनों प्रधानाध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
वहीं राजकीय इंटर कॉलेज दोणी के व्यायाम शिक्षक जय सिंह कठैत को भी निलंबित किया गया है। निरीक्षण के दौरान वे अनुपस्थित मिले थे, जबकि एक दिन पहले उनका नशे की हालत में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई की।
शिक्षा विभाग ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठडियार में कार्यरत शिक्षामित्र संजय कुमार से विद्यालय समय में अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा भटवाड़ी ब्लॉक कार्यालय में कार्यरत एक परिचारक के खिलाफ भी लगातार अनुपस्थिति को लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के जरिए शिक्षा विभाग ने साफ संकेत दिया है कि लापरवाही, अनुशासनहीनता और वित्तीय अनियमितताओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में भी निरीक्षण और सख्ती जारी रहने की बात कही गई है।

