पंजाबी सिंगर और अभिनेता Diljit Dosanjh एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। दिलजीत जल्द ही अमेरिका के लोकप्रिय टॉक शो The Tonight Show Starring Jimmy Fallon में नजर आने वाले हैं। इस शो को मशहूर होस्ट Jimmy Fallon होस्ट करते हैं।
हाल ही में दिलजीत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शो के सेट से कुछ खास झलकियां साझा की हैं। इन वीडियो में उनका चिर-परिचित ह्यूमर और ऊर्जा देखने को मिलती है। एक क्लिप में दिलजीत मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि, “क्या लगता था कि नहीं लौटेंगे?” इसके बाद वह हंसते हुए कहते हैं कि “एक बार पंजाबी आ जाएं तो जल्दी जाते नहीं हैं।” इस दौरान बैकग्राउंड में उनका लोकप्रिय गाना Morni बजता सुनाई देता है।
वीडियो का सबसे खास हिस्सा वह है जब दिलजीत, जिमी फॉलन को भांगड़ा सिखाते नजर आते हैं। दोनों की जोड़ी और उनकी मस्ती दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। जिमी फॉलन ने भी यह वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “दिलजीत अपना ऑरा साथ लाए हैं” और उनका आभार व्यक्त किया।
दिलजीत की इस उपलब्धि पर कई सेलेब्स ने भी प्रतिक्रिया दी है। इनमें Jasmin Sandlas, Nargis Fakhri, Shamita Shetty, Karan Aujla और Guru Randhawa शामिल हैं, जिन्होंने दिलजीत की सराहना की है।
गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ इससे पहले वर्ष 2024 में भी इस शो में नजर आ चुके हैं, जहां उन्होंने G.O.A.T. और Born to Shine जैसे हिट गानों पर शानदार प्रस्तुति दी थी। अब दोबारा उनकी वापसी ने फैंस के उत्साह को और बढ़ा दिया है।
विदेशी मंचों पर दिलजीत की बढ़ती लोकप्रियता न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि पंजाबी संगीत और संस्कृति अब वैश्विक पहचान बना रही है।

