वॉशिंगटन। अमेरिका के वर्जीनिया राज्य से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर Justin Fairfax ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे अमेरिका समेत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना वर्जीनिया के फेयरफैक्स काउंटी स्थित एक घर में हुई। अधिकारियों को 47 वर्षीय जस्टिन फेयरफैक्स और उनकी 49 वर्षीय पत्नी डॉ. सेरीना फेयरफैक्स के शव घर के अंदर मिले। जानकारी के मुताबिक, फेयरफैक्स ने पहले अपनी पत्नी को बेसमेंट में गोली मारी और फिर ऊपर के कमरे में जाकर खुद को भी गोली मार ली।
इस दर्दनाक घटना की सूचना उनके बेटे ने 911 पर कॉल करके पुलिस को दी। घटना के समय दोनों के बच्चे घर में ही मौजूद थे, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था और तलाक की प्रक्रिया जारी थी। अदालत ने हाल ही में उन्हें घर खाली करने की अंतिम तारीख भी तय की थी। इसी बीच यह दुखद घटना घट गई।
अदालती दस्तावेजों और करीबी लोगों के अनुसार, जस्टिन फेयरफैक्स पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव, अकेलेपन और शराब की समस्या से जूझ रहे थे। बताया गया कि उनकी पत्नी ने पिछले वर्ष तलाक के लिए अर्जी दी थी, जिसके बाद वे काफी निराश रहने लगे थे।
गौरतलब है कि एक समय जस्टिन फेयरफैक्स का राजनीतिक करियर तेजी से उभर रहा था। उन्होंने 2017 में लेफ्टिनेंट गवर्नर का चुनाव जीता था और 2019 में वर्जीनिया के गवर्नर बनने की संभावना भी बन गई थी। हालांकि, उनके खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों ने उनके राजनीतिक भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित किया।
दो महिलाओं ने उन पर पूर्व में यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिन्हें उन्होंने सहमति से हुए संबंध बताते हुए खारिज किया था। इसके बावजूद, 2021 के गवर्नर चुनाव में उन्हें पार्टी का पूरा समर्थन नहीं मिला और वे डेमोक्रेटिक प्राइमरी में हार गए।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि व्यक्तिगत और मानसिक तनाव किस तरह गंभीर और घातक परिणामों में बदल सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
