onwin giriş
Home उत्तराखंड

टनकपुर में ऐतिहासिक माँ पूर्णागिरि मेले का शुभारम्भ, मुख्यमंत्री धामी ने की विकास योजनाओं की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में ऐतिहासिक माँ पूर्णागिरि मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं और जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को बिना विलंब के धरातल पर उतारा जाए।

मुख्यमंत्री ने सेलागाड़ से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण, कालीगूठ-पूर्णागिरि मेला स्थलों के सौंदर्यकरण, तामली से रूपालीगढ़ होते हुए सीम तक मोटर मार्ग निर्माण, भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण, मंच-लेठी-वमनगांव-तरकुली-आवड़ा-सेम-चूका मार्ग के सुधारीकरण सहित पूर्णागिरि के आंतरिक क्षेत्र के विकास और विश्राम रोड व पुलिया निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और इसके कण-कण में दिव्यता समाई है। उन्होंने माँ पूर्णागिरि से प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि मेले को वर्षभर संचालित करने का संकल्प लिया गया है। पूर्णागिरि धाम को स्थायी संरचनाओं से सुसज्जित कर इसे भव्य एवं सुव्यवस्थित धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार पूर्णागिरि धाम को एक विशाल आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूर्णागिरि धाम के आसपास स्थित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़कर एक विशेष पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा। इससे चम्पावत जिले में धार्मिक और साहसिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर बस स्टेशन को 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इंटर स्टेट बस टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊँ के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण और मार्ग चौड़ीकरण किया जा रहा है।

संचार व्यवस्था सुदृढ़ करने और रोपवे निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चम्पावत कैंपस में आईटी लैब और महिला छात्रावास का निर्माण किया गया है। जिला मुख्यालय में 55 करोड़ रुपये से साइंस सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लोहाघाट में 237 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य जारी है, जबकि 16 करोड़ रुपये से पॉलिटेक्निक कॉलेज का नया भवन तैयार हो चुका है। जिला चिकित्सालय में 20 करोड़ रुपये से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है तथा 28 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान का भवन तैयार हो चुका है।

उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की प्रतियोगिताओं से टनकपुर में राफ्टिंग को नई पहचान मिली है और श्यामलाताल झील के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने मेला समिति को आश्वस्त किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय, बेहतर धर्मशाला और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य चम्पावत को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाना है और इसके लिए निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.